झोलाछाप डॉक्टर ने किशोरी के साथ किया दुष्कर्म

सहसवान: एक झोलाछाप चिकित्सक ने किशोरी को फोन करके घर से बुलाया और दवाई देने के बहाने अपने मकान पर ले गया। यहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घर लौट कर किशोरी ने स्वजन को इस बारे में जानकारी दी। पीड़ित की मां ने आरोपित के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला का कहना है कि जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी फैजान उनके गांव में डाक्टरी करता है। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे फैजान ने फोन करके किशोरी को घर से बाहर बुलाया। दवाई देने के बहाने से वह किशोरी को अपने मकान पर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपित के चुंगल से छूट कर किशोरी जब घर पहुंची तो घटना के बारे में अपने स्वजन को बताया। पीड़ित की मां ने फैजान के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपित को तलाश कर रही है। कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post