राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, बाड़मेर का तापमान 48.8 डिग्री तक पहुंचा

 

जयपुर - राजस्थान में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। राज्य के अधिकांश इलाकों में गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। गुरुवार को बाड़मेर का तापमान रिकॉर्ड 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।


Representational Image | PTI

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बाड़मेर के बाद फलोदी में तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 47.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 47.5 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 47.4 डिग्री सेल्सियस, जालौर में 47.3 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 47.2 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


राजधानी जयपुर में भी गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 19 मई को जयपुर का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस था।


राज्य में गर्मी और लू से हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि गुरुवार को संदिग्ध लू से पांच लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा, खैरथल जिले में पांच मोर भी मृत पाए गए हैं।


गर्मी की तीव्रता के कारण राज्य की सड़कों पर दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और जरूरी काम भी सुबह या शाम को निपटा रहे हैं।


अधिकारियों ने जनता को चेतावनी दी है कि वे बाहर निकलते समय सावधानी बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचने के लिए सुरक्षात्मक उपाय करें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तापमान में कमी की कोई संभावना नहीं जताई है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post