मुंबई पर्यटन पर जा रहे हैं तो अपने प्लान में अवश्य शामिल करें एलिफेंटा गुफाएँ

वह दिन मेरे लिए यादगार बन गया जब हम गेट वे ऑफ इंडिया से बोट में सवार होकर अरब सागर में ग्यारह किलोमीटर दूर स्थित पहाड़ों को काट कर बनाई गई एलिफेंटा की गुफाओं को देखने जा रहे थे। सागर की लहरों से खेलती बोट की यात्रा का आनन्द ही कुछ ओर था। कभी हम हिलोरे लेते सागर के पानी में हाथ डाल कर मज़ा लेते थे कभी बोट की छत पर चढ़ने का। करीब चालीस मिनट की इस रोमांचक समुद्री यात्रा पूरी कर हम इस द्वीप पर उतरे। गुफाओं तक एक छोटा सा रास्ता पार कर करीब 120 सीढ़ियाँ चढ़नी होती हैं। सीढ़ियों तक आने के लिए एक छोटी ट्रेन भी चलती है। सीढ़ियों के दोनों और खाने-पीने, सजावटी समान, फ़ोटो एलबम, खिलौनों आदि की दुकानें सजी थी। प्रकृति के बीच पूरा माहौल पर्यटकों की गहमागहमी और चहलपहल से आबाद था। गुफाओं से पूर्व भारतीय पुरात्तव विभाग का सूचनापट्ट लगा था जिस से ज्ञात होता है कि अब यह ऐतिहासिक स्थल इस विभाग के अधीन संरक्षित है।
पहली गुफा के एक बड़े मुख्य हाल में शिव की विभिन्न मुद्राओं में 9 मूर्तियां अलग-अलग कक्षों में चट्टानों को काट ही बनाई गई हैं। इस हाल के 26 स्तम्भों पर भगवान शिव के विविध स्वरूपों का शिल्पांकन देखते ही बनता है। यहीं पर भगवान शिव के विविध रूपों में महायोगी, नटेश्वर, भैरव, पार्वती-परिणय, अर्धनारीश्वर, पार्वतीमान, कैलाशधारी रावण, महेशमूर्ति शिव तथा त्रिमूर्ति यहां की प्रमुख मूर्तियां हैं। गुफा के केंद्र में बनी करीब 17 फ़ीट ऊंची त्रिमूर्ति तो वास्तव में भगवान शिव के ही 3 विविध रूपों का प्रतीक है जिसे सदाशिव भी कहा जाता है। एक मूर्ति में शिव को धरती पर गंगा लाते हुए दर्शाया गया है। भैरव अवतार में शिव को चंद्र एवं नागदेवता शीश पर गले में एक हार पहने हुए आक्रामक मुद्रा में कूंच करते हुए दिखाया गया है। दांये हाथ में तलवार एवं बांये हाथ में अन्धक राक्षस की देह दिखाई देती है। एक प्रतिमा में शिव एवं पार्वती को कैलाश पर्वत पर बैठे चौपड़ खेलते दिखाया गया है। एक अन्य मूर्ति में कैलाश पर्वत पर विराजित शिव पार्वती अन्य देवताओं से घिरे हैं। उनके चरणों के पास में संत भृंगी का अस्थि कंकाल है एवं दांये कोने में गणेश जी हैं। लहास नृत्य करते नटराज की मनोरम प्रतिमा देखते ही बनती है। इस प्रकार यहां भगवान शंकर के कई लीलारूपों की मूर्तिकला, एलोरा और अजंता की मूर्तिकला के समान ही है। गुफाओं में अनेक हिन्दू देवी-देवताओं के मंदिर भी दर्शनीय हैं। कभी यहां हिंदुओं का पूजा स्थल था अब यह पर्यटक स्थल बन गया है। केवल महाशिवरात्रि पर सरकार में पूजा अर्चना की अनुमति प्रदान की है।
 
यहां कुल सात गुफाएं हैं जिनमें पांच बड़ी हिन्दू गुफाएं एक हिस्से में हैं और दो छोटी बुद्ध गुफाएं दूसरे हिस्से में बनी हैं। पहली गुफा को ग्रेट गुफा के नाम से, गुफा 2 से 5 को कैनन हिल के नाम से, गुफा 6 एवं 7 को स्तूप हिल के नाम से जाना जाता है। गुफा 6 को सीताबाई गुफा भी कहा जाता है। गुफा सात के आगे बने सूखे तालाब को बौद्ध तालाब कहा जाता है। ये गुफाएँ करीब 60 हज़ार वर्ग फ़ीट क्षेत्रफल में बनाई गई हैं जिनका निर्माण काल 5वीं से 11वीं शदी का माना जाता हैं। इन गुफाओं के महत्व का अंदाजा इसी से आंका जा सकता हैं कि इन्हें 1987 ई. में यूनेस्को की विश्व विरासत धरोहर घोषित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post