इंदौर: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रीन हाइड्रोजन को लेकर किए गए निवेश के आह्वान के बाद निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रीन हाईड्रोजन का पहला प्लांट मप्र की धरती पर लगेगा। यहां कोई समस्या नहीं है, मैं यहां सीएम नहीं सीईओ हूं। यहां हर सेक्टर में निवेश के लिए सुविधा मौजूद है। आज ( 11 जनवरी) दिल्ली की मेट्रो भी रीवा पॉवर प्लांट की बिजली से चल रही है। लंदन वाले भी बोलकर गए कि यहां की सड़कें लंदन से भी बेहतर है। पानी की कोई कमी नहीं है। डैम पर सोलर पैनल बिछाइए, पहला फ्लोर्टिंग सोलर पैनल ओंकारेशवर में बन रहा है।

लैंड बैंक दो लाख एकड़ का, जहां उंगली रखो जमीन 24 घंटे में देंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे पास दो लाख एकड़ का लैंड बैंक उद्योगों के लिए हैं, जहां उंगली रखोगे 24 घंटे में जमीन दे देंगे। ईज आफ डूइंग है। गुड गर्वेनेंस में नंबर वन है मप्र।। बिजली और पानी की कोई कमी नहीं है।

सीएम ने बताई मप्र की खूबियां

सीएम ने कहा कि पहले मप्र की स्टेट जीडीपी एक लाख करोड़ थी जो 12 लाख करोड़ से ज्यादा हो गई है। यहां 25800 मेगावाट की बिजली उत्पादन क्षमता है। दिल्ली की मेट्रो भी मप्र की बिजली से चल रही है, रीवा सोलर प्लांट देता है। पानी पर्याप्त है, ग्रीन हाईड्रोजन, सेमी कंडक्टर में पानी बहुत लगता है, यहां पानी की कमी नहीं है। पानीदार प्रदेश है मप्र। शांति है। नाइट कल्चर है, इंदौर में रात दो बजे तक बाजार चलता है, कानून व्यवस्था की समस्या नहीं, शांति का टापू है, स्किल्ड मैनपावर है। ईज आफ डूइंगा बिजनेस, भी है, गुड गर्वेनेंस में मप्र नंबर वन पर है। ब्यूरोक्रेसी सपोर्ट करती है, परेशान नहीं होने देंगे आगे मैं हू, सीएम नहीं सीईओ हूं, हर सोमवार को उद्योगपतियों से मिलने के लिए समय रखता हूं।

शिवराज की कई कंपनियों के प्रमुखों से वन टू वन बातचीत

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आयोजन स्थल पर अलग-अलग ग्रुप से वन टू वन मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने कहा कि देश में अगला आईटी डेस्टीनशन इंदौर होगा। सीएम से डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया, गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज, अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी, टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा, आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी, एक्ससेंचर सुश्री रेखा मेनन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के श्र निखिल आर. मेसवानी ने भेंट की।

रिलायंस ग्रुप संपूर्ण प्रदेश में 5जी सुविधा का करेगा विस्तार

मुख्यमंत्री से मुलाकात में रिलायंस इंडस्ट्रीज श्री निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि सेवा क्षेत्र में निवेश से आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। अत: रिलायंस समूह संपूर्ण प्रदेश में तहसील स्तर तक इस वर्ष के अंत तक 5जी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। समूह द्वारा प्रदेश में 175 पेट्रोल पम्प संचालित किए जा रहे हैं, इस संख्या को भी दुगुना किया जाएगा। रिलायंस समूह सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का इच्छुक है। इसके लिए चंबल क्षेत्र में आवश्यक सर्वे व अध्ययन जारी है। समूह प्रदेश में टेक्सटाइल की संपूर्ण प्रोसेसिंग इकाईयों की स्थापना की दिशा में भी निवेश का इच्छुक है।

डालमिया भारत समूह प्रदेश में लगाएगा सीमेंट प्लांट

मुख्यमंत्री से चर्चा में डालमिया भारत समूह के ने प्रदेश में सीमेंट प्लांट लगाने तथा स्वस्थ कार्बन साइकल विकसित करने के लिए प्रदेश के वेस्ट लैंड पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने संबंधी प्रस्ताव रखा।

गोदरेज इंडस्ट्री ने रियल सेक्टर में जताई निवेश की मंशा

गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज ने प्रदेश में बढ़ रहे शहरीकरण को देखते हुए रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की। इसके साथ ही एग्रो केमिकल उद्योग लगाने की योजना के संबंध में जानकारी दी। गोदरेज ने कहा कि उनका समूह मालनपुर स्थित इकाई का विस्तार कर रहा है। समूह सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में गतिविधियों को बढ़ाएगा।

1500 करोड़ का निवेश करेगा आईटीसी

मुख्यमंत्री से चर्चा में टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा ने कहा कि उनका समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा। प्रदेश में समूह अपने रिटेल आउटलेट जूडियो की संख्या भी बढ़ाएगा। आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने कहा प्रदेश में आईटीसी द्वारा 300 एफपीओ संचालित किए जा रहे हैं। इनका विस्तार कर 1000 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य है, इसमें 1500 करोड़ का निवेश होगा। आईटीसी समूह प्रदेश में पैकेजिंग और खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने जा रहा है। पैकेजिंग इकाई इस वर्ष के अंत तक आरंभ हो जाएगी। समूह सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है। इसके प्रसंस्करण पर आधारित इकाई भी प्रदेश में स्थापित की जाएगी। किसानों को फसल लेने, बिक्री आदि के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मार्ट का भी विस्तार किया जा रहा है।

एक्ससेंचर ग्रुप की मेनन ने प्रदेश की आई.टी. नीति को बताया उपयोगी

एक्ससेंचर की रेखा मेनन ने मध्यप्रदेश की आई.टी. नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति आई.टी. इंडस्ट्री के लिए बहुत उपयोगी और मित्रवत है। इंदौर में कार्य का उपयुक्त वातावरण है। अत: इंदौर निरंतर आई.टी. प्रोफेशनल्स का केन्द्र बनता जा रहा है। एक्ससेंचर ने इंदौर में छह महीने पहले ही कार्य आरभ किया है, जहाँ 1400 लोग कार्य कर रहे हैं। समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा।

शिव कुमार संवाददाता दैनिक अच्छी खबर मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *